अलौली : महागठबंधन के देशव्यापी आह्वान पर बुधवार को अलौली में महागठबंधन के बैनर तले प्रतिरोध मार्च निकाला गया। प्रखंड पुस्तकालय परिसर से शुरू हुआ मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए ब्लॉक परिसर पहुंचा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया गया। इसके बाद प्रतिरोध सभा आयोजित की गई।
आंदोलन का नेतृत्व महागठबंधन के नेताओं ने संयुक्त रूप से किया। आंदोलन के प्रभारी के रूप में पर्यवेक्षक नंदलाल मंडल मौजूद रहे। पुतला दहन कार्यक्रम का मुखाग्नि कांग्रेस नेता विनोद राम ने दिया। प्रतिरोध सभा की अध्यक्षता राजद नगर अध्यक्ष हरिनंदन यादव ने की।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने दावा किया कि मतदाता सूची में अनियमितताओं और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के कारण भाजपा को विभिन्न राज्यों में लाभ मिला। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नेताओं ने राष्ट्रपति से मांग की कि बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में पुराने मतदाता सूची के आधार पर नए सिरे से चुनाव कराए जाएं। साथ ही चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की जांच कराने और संबंधित जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई।
कार्यक्रम में राजद के पूर्व विधायक रामवृक्ष सदा, कांग्रेस नेता रामचंद्र यादव, सीपीआई नेता मनोज सदा, सीपीएम नेता अमर कुमार, वीआईपी के वरुण कुमार, आईपीपी के अरुण तांती, देश बचाओ अभियान के अध्यक्ष किरण देव यादव सहित राजद नेता रितेश ठाकुर, गजेंद्र यादव, दानवीर यादव, सुरेंद्र महतो, जय जय राम यादव, अजीत कुमार, प्रवीण यादव, गीता देवी, रणधीर कुमार, विष्णुदेव तांती, सुमित कुमार, रंजीत यादव, प्रमोद कुमार, मोहम्मद अफजल, घूरन तांती, बालेश्वर पासवान, नीतीश कुमार, विनोद राम, नीतीश यादव, मोहम्मद सुल्तान, यदुनंदन शाह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

