खगड़िया : जिले में मादक पदार्थो के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मड़ैया थाना क्षेत्र के कोलवारा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 78.160 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक, खगड़िया के निर्देशानुसार मादक पदार्थो के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 29 अक्टूबर 2026 को मड़ैया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोलवारा गांव निवासी नारद मंडल के घर के पास भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान नारद मंडल के घर के पास बांसबाड़ी से कुल 78.160 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा जब्त करते हुए मौके से दो आरोपियो को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियो की पहचान
1. जनता देवी, पति नारद मंडल, निवासी कोलवारा, थाना मड़ैया, जिला खगड़िया
2. राजीव कुमार, पिता स्वर्गीय रोहिन मंडल, निवासी अमिया, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर
इस मामले में मड़ैया थाना कांड संख्या 60/26, दिनांक 29.10.2026 को NDPS एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(C) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियो के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में मड़ैया थानाध्यक्ष मनीष कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार प्रसाद तथा पीटीसी/715 मो. महताब अंसारी सहित सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थो के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

