खगड़िया : मादक पदार्थो के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए खगड़िया पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत मानसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियो के पास से 100 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान मानसी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मटिहानी ढाला के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और दोनो को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियो की पहचान हिमांशु कुमार, पिता शंकर राय, और मिंटू कुमार, पिता सदानंद यादव के रूप में हुई है। दोनो बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियो के पास से 100 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए। इस संबंध में मानसी थाना कांड संख्या 322/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। मामला NDPS एक्ट की धारा 8(c)/21(b) के तहत दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गणेश कुमार, STF (SOG-3) टीम, DIU टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। खगड़िया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थो के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

