अलौली : रामपुर-अलौली वार्ड संख्या 01 में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी हो गई। घटना में विपत यादव के 23 वर्षीय पुत्र विभूति यादव के पैर में गोली लग गई। वहीं, दूसरे पक्ष के धीरज यादव ने थ्रीनट के बट से हमला किए जाने का आरोप लगाया है। विभूति का प्राथमिक उपचार अलौली पीएचसी में कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रामपुर तिरासी टोला में कुछ लोग गांजा पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया। इसी दौरान गोली चलने से विभूति घायल हो गया। धीरज यादव के भी घायल होने की बात कही जा रही है।
आठ साल से चली आ रही रंजिश
अलौली थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब आठ वर्षों से पुरानी रंजिश चली आ रही है। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से दो हत्याएं भी हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब आठ वर्ष पहले खलट यादव की रामपुर चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके करीब तीन वर्ष बाद अमरजीत यादव के छोटे भाई लूरक यादव की भी गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच भटना बहियार के जलजमाव वाले क्षेत्र में मछली मारने को लेकर भी करीब दस वर्षों से विवाद चला आ रहा है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था।
बताया जाता है कि खलट यादव की मां की करीब एक माह पहले इलाज के दौरान मौत के बाद उनका परिवार गांव आया था। श्राद्ध कार्यक्रम के बाद भी परिवार के कुछ लोग गांव में ही थे। इसी दौरान रविवार शाम यह घटना हुई।
पुलिस जांच में जुटी
थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

