समस्तीपुर : दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर बुधवार को रोसड़ा शहर स्थित राजद नेता बबलू शर्मा के आवास पर राजद की महत्वपूर्ण बैठक सह मतदाता मिलन समारोह आयोजित किया गया। बैठक में प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक स्नातक मतदाताओं के बीच सघन जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष रामस्वार्थ यादव ने की, जबकि संचालन वरीय नेता सत्यविन्द पासवान तथा धन्यवाद ज्ञापन विधानसभा प्रभारी राजेन्द्र सहनी ने किया।
इस दौरान राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती और वरीय नेता सत्यविन्द पासवान ने कार्यकर्ताओं से स्नातक मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सामाजिक न्याय की विचारधारा को मजबूत करने से जुड़ा है। जनहित, छात्र हित और बिहार हित में महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी अनिल झा के पक्ष में स्नातक मतदाताओं से संपर्क करने की बात कही गई।
वहीं, विधान परिषद प्रत्याशी अनिल झा ने कहा कि रोसड़ा के कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए सम्मान और स्नेह के लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्नातक मतदाताओं ने उन्हें विधान परिषद भेजा तो स्नातक बेरोजगारों, छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।
बैठक में राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, वरीय नेता सत्यविन्द पासवान, विधानसभा प्रभारी राजेन्द्र सहनी, प्रखंड अध्यक्ष रामस्वार्थ यादव, राजद शिक्षक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शत्रुधन यादव, राजद नेता मधुरेश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्नातक मतदाता मौजूद रहे।

