खगड़िया : अलौली-खगड़िया रेलखंड पर ट्रेनों के असमय और विलंब से परिचालन को लेकर यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सोमवार को सामाजिक संगठन फरकिया मिशन देश बचाओ अभियान के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष किरण देव यादव के नेतृत्व में अलौली रेलवे जंक्शन पर बैठक हुई। बैठक में रेल यात्रियों ने समस्याओं के समाधान और ट्रेन परिचालन का समय यात्रियों की सुविधा के अनुरूप निर्धारित करने की मांग की।
किरण देव यादव ने कहा कि अलौली से खगड़िया के लिए ट्रेन का समय दिन में करीब 11 बजे और 1 बजे निर्धारित है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन अक्सर निर्धारित समय से आधे घंटे से एक घंटे तक विलंब से चलती है। इसके अलावा अलौली से खगड़िया पहुंचने में करीब डेढ़ से दो घंटे लग जाते हैं। ऐसे समय में परिचालन होने से यात्रियों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अलौली-खगड़िया रेलखंड पर ट्रेन के परिचालन और समय-सारणी की ऑनलाइन जानकारी भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं है। यात्रा के दौरान कामाथान, बिशनपुर तथा कोठिया ढाला-कुतुबपुर के आसपास ट्रेन के लंबे समय तक रुकने की भी शिकायत की गई।
बैठक में अलौली रेलवे जंक्शन पर शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और ट्रेनो में पानी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। यात्रियो की सुरक्षा के लिए ट्रेन में पुलिसकर्मियो की तैनाती की मांग की गई।
किरण देव यादव ने कहा कि असमय और अनिश्चित परिचालन के कारण ट्रेन में यात्रियों की संख्या कम रहती है। इससे फरकिया क्षेत्र के लोगों को रेल सुविधा का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने रेलवे से अलौली-खगड़िया अप-डाउन ट्रेन का समय सुबह और शाम करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि रेलवे विभाग ने जल्द यात्रियो की समस्याओं का समाधान नहीं किया और परिचालन का समय सुविधाजनक नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में रेल यात्रियों ने मांगो को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया।

