खगड़िया : दशहरा पूजा के अवसर पर मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के दौरान खगड़िया के बेंजामिन चौक पर मानव सेवा शिविर लगाकर जनसेवा का सराहनीय कार्य किया गया। शिविर में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के बीच निःशुल्क पानी, केला, सेब सहित अन्य फल वितरित किए गए। इस पहल की लोगों ने सराहना की।
यह सेवा शिविर राजद नेता नीरज यादव के सौजन्य से आयोजित किया गया। इस अवसर पर नीरज यादव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष माता की कृपा से मानव सेवा शिविर का आयोजन किया जाता है। हमारे पूर्वज भी मानव सेवा के उद्देश्य से इस तरह के शिविर आयोजित करते रहे हैं। उनकी इस परंपरा को आगे बढ़ाना हमारा कर्तव्य है। मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है।
वहीं, पंच-सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष किरण देव यादव ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है। मानव सेवा और जनसेवा ही परम कर्तव्य है। कर्म ही धर्म और कर्म ही पूजा है।” उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करने से मन को सच्चा सुकून मिलता है। मानव सेवा समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करती है।
इस मौके पर सुभाष जोशी ने भी मानव सेवा शिविर की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा सर्वोपरि है। इस तरह के आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
शिविर के सफल संचालन में उमेश ठाकुर, गुड्डू ठाकुर, मनीष कुमार सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। दशहरा पूजा के दौरान आयोजित इस सेवा शिविर के माध्यम से श्रद्धालुओं और राहगीरों को राहत पहुंचाने के साथ ही मानवता एवं सामाजिक सहयोग का संदेश दिया गया।

